Una News: भूकंप और आग से निपटने का दिया प्रशिक्षण
अंब(ऊना)। महाराणा प्रताप राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में शनिवार को कांगड़ा भूकंप स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों को भूकंप और आग जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।अभ्यास के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक संजीव धामी और उनकी टीम ने विद्यार्थियों को आपदा के समय होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया। अग्निशमन विभाग के प्रभारी अशोक कुमार की देखरेख में मॉकड्रिल आयोजित की गई जिसमें विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान सुरक्षित रहने के लिए ड्रॉप, कवर और होल्ड ऑन तकनीक का अभ्यास कराया गया। इसके साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निकलने और आग लगने की स्थिति में अग्निशामक यंत्रों का सही उपयोग करना सिखाया गया।प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाएं कभी भी आ सकती हैं इसलिए इनसे बचाव का ज्ञान होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण न केवल विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें संकट के समय दूसरों की सहायता करने के लिए भी तैयार करते हैं। मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बचाव कार्यों की बारीकियों को समझा। इस मौके पर कॉलेज के आपदा प्रबंधन क्लब के प्रभारी डॉ. रजनीश कुमार, डॉ. आशुतोष और अन्य प्राध्यापक भी मौजूद रहे।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 04, 2026, 18:00 IST
Una News: भूकंप और आग से निपटने का दिया प्रशिक्षण #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
