Tamil Nadu: विजय की सेलिब्रिटी सीट पेरंबूर, यहां मुद्दे जमीनी लेकिन अग्निपरीक्षा फिल्मी

पेरंबूर सीट तमिलनाडु की राजनीति की सबसे बड़ी तजुर्बागाह है। यहां डीएमके के प्रत्याशी आर डी शेखर हैं, जो 2019 से विधायक हैं। उनके सामने लार्जर देन लाइफ उम्मीदों के साथ राजनीति में आए अभिनेता से नेता बने सी जोसफ विजय हैं, जिन्हें फैंस मोहब्बत से थलापति विजय कहते हैं। राजरतिनम नगर में ब्रिज से लगी बस्ती में किसी खेल मैदान पर बजने वाली सीटी बजाते कुछ लोग आगे-आगे पैदल चल रहे हैं। उनके पीछे पीले रंग में पुता एक ऑटो है, जिस पर विजय की घोड़े पर बैठी तस्वीर है। कुछ 12-15 लोग उसके पीछे हाथ में विजय के पोस्टर के साथ हैं। गली के तीसरे घर पर रहने वाली जयलक्ष्मी पीने के पानी के टैंकर का इंतजार कर रही हैं। वो जिस मोहल्ले में रहती हैं, वहां सबसे बड़ी मुश्किल अभी भी साफ पानी और ड्रेनेज है। वो कहती हैं, इस बार विजय को मौका देकर देखेंगे। शिवा पिछले 35 वर्षों से पेरंबूर में रहते हैं, यहीं पैदा हुए, पले-बढ़े। 16 साल से वो इलाके में विजय फैन क्लब चलाते हैं, जिसका काम बच्चों को स्कूली बैग-बुक्स और महिलाओं व बुजुर्गों की मदद करना है। शिवा पर टीवीके की सबसे अहम सीट पेरंबूर में चुनाव मैनेजमेंट की जिम्मेदारी है। वे कहते हैं, डीएमके इस बार मुसीबत में है। पेरंबूर में 2 लाख 22 हजार 728 वोटर हैं। इनमें से 75,000 वोटर 18 से 23 साल उम्र के हैं। और 16,823 फर्स्ट टाइम वोटर हैं। वहीं 1.14 लाख महिला वोटर हैं। ये सभी आंकड़े शिवा को उंगलियों पर याद हैं। वो कहते हैं, थलापति विजय उन्हें दिन में कम से कम दो बार फोन कर पूछते हैं कि इलाके में सब ठीक चल रहा है ना। सियासी नारों और गानों से ज्यादा उम्मीदों और नाराजगी की सुनाई दे रहीं आवाजें टीवीके का दफ्तर पेरंबूर में निचली बस्ती में भीतर गली में है-छोटा सा एक कमरेनुमा। बाहर सीढ़ियों पर 5-7 युवा बैठे हैं। अंदर पैंफलेट, पोस्टर और तस्वीरें रखी हैं। वहीं, डीएमके का मेन रोड पर ठीक-ठाक बड़ा दफ्तर है। एक कवर्ड पंडाल है और बीच में एसी वॉर रूम। डीएमके के ऑफिस में शाम को होने वाली उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन की रैली की तैयारी चल रही है। कुछ 100 से ज्यादा कार्यकर्ता जुटे हैं। उदयनिधि के खासमखास सैंथिल मीटिंग लेने आए हैं। गली-कूचों वाली इस विधानसभा में डीएमके ने क्या किया और क्या करेंगे, उन सभी वादों-बातों की लंबी फेहरिस्त तैयार की है। उसमें कचरा घर हटाने से लेकर हिंदू, मुसलमान और ईसाइयों के लिए तीन-तीन श्मशान बनाने तक शामिल है। पेरंबूर चेन्नई शहर की सीट है। जाहिर है, यहां जाति, समुदाय और क्लास मिलकर किस्मत तय करेंगे। दलित सबसे ज्यादा हैं, 15-20 प्रतिशत मुसलमान वोटर हैं। कुछ इलाकों में ईसाई समुदाय मजबूत है। ओबीसी से वन्नियार, मुडालियार, नायडू तीनों हैं, लेकिन अलग-अलग इलाकों में बिखरे हुए। दलित-मुसलमान डीएमके के पारंपरिक वोटर हैं, पर बात जब पानी, बिजली, ड्रेनेज जैसे मुद्दों की हो, तो पलट सकते हैं। अन्नाद्रमुक ऐसे में वोट काटने के रोल में है। पर विजय के पास जाति से ज्यादा डेमोग्राफी अहम होगी, यानी उम्र व इलाके। डीएमके के राज्यसभा सांसद गिरिराजन का मानना है कि विजय के प्रशंसकों से मुकाबला करने के लिए उनके पास स्कीम हैं। कहते हैं, हमारे प्रत्याशी स्टूडेंट लीडर से विधायक बने हैं और विजय ने आज तक वार्ड का चुनाव भी नहीं लड़ा। वो सेलिब्रिटी हैं और हम सेवा कर रहे हैं। वह वन मैन आर्मी हैं और हमारा पूरा कैडर है। डीएमके प्रत्याशी आरडी शेखर कहते हैं, विजय के घर का गेट 20 फीट ऊंचा है, उनसे मिलना होगा, अपनी परेशानी बतानी होगी, तो कैसे मिलोगे पेरंबूर से 2016 में अन्नाद्रमुक जीती थी। जीत का अंतर सिर्फ दो फीसदी था। तब ये स्विंग सीट थी, मतलब वोटर किसी भी तरफ जा सकते थे। डीएमके ने 2019 में उपचुनाव 20 हजार, 2021 का चुनाव 30 हजार से ज्यादा वोट से जीता था। मद्रास विवि में राजनीतिक विभाग के पूर्व अध्यक्ष रामू मणिवन्नन कहते हैं, इस बार लिटमस टेस्ट होगा कि तमिलनाडु में फिल्म स्टार होना क्या उसे राजनीति के काबिल बनाता है। वैसे, पेरंबूर में डीएमके के स्टालिन-तमिलनाडु वाले स्लोगन और थलापति विजय के गानों से ज्यादा उम्मीदों और नाराजगी की आवाजें सुनाई दे रही हैं।

#IndiaNews #Election #National #TamilNaduAssemblyElection2026 #Vijay #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 13, 2026, 02:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Tamil Nadu: विजय की सेलिब्रिटी सीट पेरंबूर, यहां मुद्दे जमीनी लेकिन अग्निपरीक्षा फिल्मी #IndiaNews #Election #National #TamilNaduAssemblyElection2026 #Vijay #VaranasiLiveNews