Kangra News: बस से उतरकर सड़क पार करता विद्यार्थी कार की टक्कर से घायल
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। डाडासीबा-ढलियारा मार्ग पर गांव बढ़ल में पुल के समीप मंगलवार सुबह सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल खुलने के पहले ही दिन हुए इस हादसे ने क्षेत्र के अभिभावकों और स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। तेज रफ्तार कार की चपेट में आए छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार रोड़ी-कोड़ी निवासी संजय कुमार का पुत्र शुभम (12) निजी बस से स्कूल जा रहा था। बढ़ल पुल के पास बस से उतरने के बाद वह सड़क पार करने के लिए बस के पीछे से दूसरी ओर जाने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार निजी कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल शुभम को सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया है। एएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ल पुल के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। लोगों ने मांग की है कि स्कूल के पास स्पीड कंट्रोलर और स्पष्ट चेतावनी संकेत लगाए जाएं। साथ ही उन्होंने वाहन चालकों को स्कूली बच्चों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में रफ्तार पर नियंत्रण रखने का आह्वान किया है।
#KangraNews #TodayKangraNews #KangaHindiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 18:13 IST
Kangra News: बस से उतरकर सड़क पार करता विद्यार्थी कार की टक्कर से घायल #KangraNews #TodayKangraNews #KangaHindiNews #VaranasiLiveNews
