Assam: असम में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने की तैयारी, सीएम हिमंत आज राज्यपाल प्रसाद को सौंपेंगे इस्तीफा
असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी ने नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्या से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही राज्य में नई भाजपा नीत सरकार के गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। गुवाहाटी में मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। किन-किन को बनाया गया पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। मैं जल्द ही नड्डा जी से बात करूंगा। जैसे ही वे नव निर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाने का निर्देश देंगे, हम बैठक आयोजित करेंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही शपथ ग्रहण समारोह की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग द्वारा अंतिम परिणामों की अधिसूचना जारी किए जाने के बाद वह संवैधानिक परंपरा के अनुसार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे, ताकि नई सरकार के गठन में किसी प्रकार की बाधा न आए। भाजपा ने हासिल किया बहुमत असम विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज कर विपक्ष को करारी शिकस्त दी। यह जीत राज्य में पार्टी के बढ़ते जनाधार और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। वहीं, कांग्रेस को इस चुनाव में निराशा हाथ लगी और पार्टी केवल 19 सीटों पर सिमट गई। क्षेत्रीय दलों में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) और असम गण परिषद (AGP) ने 10-10 सीटें जीतीं। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) और रायजोर दल को दो-दो सीटों पर सफलता मिली, जबकि ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) ने एक सीट जीतकर अपना खाता खोला। चुनावी नतीजों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। राज्यभर में पार्टी कार्यालयों के बाहर जश्न मनाया गया, मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी की गई। पार्टी नेताओं ने इसे विकास, बुनियादी ढांचे, कानून-व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर बताया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असम में भाजपा की यह लगातार तीसरी जीत पूर्वोत्तर भारत में पार्टी की मजबूत पकड़ को और मजबूत करेगी। हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में संगठनात्मक मजबूती के साथ विकास और पहचान की राजनीति का संतुलन बनाने की कोशिश की, जिसका फायदा पार्टी को चुनाव में मिला। अब सबकी नजर भाजपा विधायक दल की बैठक पर टिकी हुई है, जहां औपचारिक रूप से नेता का चुनाव किया जाएगा। माना जा रहा है कि हिमंत बिस्वा सरमा को ही एक बार फिर विधायक दल का नेता चुना जाएगा और इसके बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख घोषित की जाएगी।
#IndiaNews #National #AssemblyElections2026 #AssamElectionResults #HimantaBiswaSarma #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 06, 2026, 06:44 IST
Assam: असम में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने की तैयारी, सीएम हिमंत आज राज्यपाल प्रसाद को सौंपेंगे इस्तीफा #IndiaNews #National #AssemblyElections2026 #AssamElectionResults #HimantaBiswaSarma #VaranasiLiveNews
