Prayagraj News : गऊघाट में चलेगा बुलडोजर, अवैध कब्जे हटाकर बनेगा हॉलीडे होम

रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। पुराने नैनी यमुना पुल के पश्चिमी छोर यानी गऊघाट स्थित रेलवे की बेशकीमती जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। 24 अप्रैल को सुबह से इस क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर के जरिये ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। लंबे समय से इस जमीन पर काबिज लोगों को रेलवे प्रशासन पहले ही नोटिस थमा चुका है। नोटिस के जरिये स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। अब रेलवे, जिला प्रशासन और सिविल पुलिस की संयुक्त टीम इस अभियान को अंजाम देने जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जिन्होंने अभी तक कब्जा नहीं छोड़ा है, उनके अवैध निर्माण को ढहाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस भूमि का उपयोग रेलवे एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए करेगा। यहां हॉलीडे होम का निर्माण प्रस्तावित है। दरअसल, प्रयागराज में महाकुंभ, माघ मेला और अन्य प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान होटलों की भारी कमी हो जाती है और कमरों के दाम आसमान छूने लगते हैं। ऐसे में देशभर से ड्यूटी पर आने वाले रेलकर्मियों और तीर्थाटन के लिए पहुंचने वाले उनके परिवारों को ठहरने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस हॉलीडे होम के बन जाने से रेलकर्मियों को बड़ी राहत मिलेगी। मंडल पीआरओ अमित सिंह ने पुष्टि की है कि अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं और अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही सूचित किया जा चुका है।

#CityStates #Prayagraj #PrayagrajNews #GaughatPrayagraj #Buldozer #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 23, 2026, 14:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Prayagraj News : गऊघाट में चलेगा बुलडोजर, अवैध कब्जे हटाकर बनेगा हॉलीडे होम #CityStates #Prayagraj #PrayagrajNews #GaughatPrayagraj #Buldozer #VaranasiLiveNews