Kangra News: नई टोल दरों पर भड़के पिकअप चालक, संसारपुर टैरेस में प्रदर्शन
संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा टोल टैक्स की नई दरें लागू करने के फैसले ने सीमावर्ती क्षेत्रों में माहौल गरमा दिया है। बुधवार को संसारपुर टैरेस में शिवालिक पिकअप यूनियन के चालकों ने नई दरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। चालकों का आरोप है कि पिकअप गाड़ियों, जिनसे पहले कोई टोल नहीं लिया जाता था, अब उनसे जबरन 170 रुपये वसूले जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि यह आर्थिक बोझ तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो वे प्रदेशव्यापी चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। यूनियन प्रधान यशपाल सिंह और सचिव अजय कुमार ने बताया कि पिकअप चालकों को छोटे-छोटे सामान के लिए मात्र डेढ़ किलोमीटर दूर पंजाब के तलवाड़ा जाना पड़ता है। ऐसे में हर चक्कर पर 170 रुपये का टैक्स देना व्यापारियों और आम जनता की कमर तोड़ देगा। कई मामलों में तो सामान का किराया कम और टोल की पर्ची महंगी पड़ रही है। हैरानी की बात यह है कि एक तरफ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि टोल टैक्स के पुराने नियम ही लागू रहेंगे, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके उलट है। संसारपुर टैरेस बैरियर पर धड़ल्ले से 170 रुपये की नई पर्चियां काटी जा रही हैं। नोटिफिकेशन जारी होने के बावजूद राहत न मिलने से वाहन चालकों में असमंजस और भारी रोष है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से मनोज कुमार, सुभाष चंद, मुनीष कुमार, सुनील राणा, योगराज, राकेश, मुकेश, देवेंद्र और रविंद्र सहित यूनियन के दर्जनों सदस्य शामिल रहे।सत्र 2026-27 के लिए नई टोल दरेंनिजी वाहन (कार/जीप/वैन) : 170 रुपयेहल्के मालवाहक/मिनी बस : 320 रुपयेयात्री वाहन (12+ सीटें) : 250 रुपयेभारी मालवाहक वाहन : 570 से 900 रुपये तक
#KangraNews #TodayKangraNews #KangaHindiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 19:17 IST
Kangra News: नई टोल दरों पर भड़के पिकअप चालक, संसारपुर टैरेस में प्रदर्शन #KangraNews #TodayKangraNews #KangaHindiNews #VaranasiLiveNews
