मां चिंतपूर्णी दरबार क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बनेंगे स्थायी शेड : पारस अग्रवाल
भरवाईं (ऊना)। उपमंडल अधिकारी अंब पारस अग्रवाल ने शनिवार को चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पारस अग्रवाल ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं को पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा की और भीड़ को सुचारु रूप से व्यवस्थित करने के लिए संभावित सुधारों पर विचार किया। उन्होंने कहा कि मंदिर के मुख्य द्वारों के पास श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए स्थायी छत (शेड) बनाने की मांग भी सामने आई है। प्रशासन व्यवस्था करने के लिए तैयार है और पर्याप्त बजट भी उपलब्ध है। मार्ग के बीच स्थायी निर्माण और कुछ स्थानीय दुकानदारों के असहयोग के कारण दिक्कतें सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि कई बार दुकानदारों द्वारा मंदिर परिसर में लगाए गए लाउड स्पीकरों के तार तक काट दिए जाते हैं, जो उचित नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि अस्थायी रूप से लगाए जाने वाले तिरपाल भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं होते। हाल ही में भारी बारिश के कारण तिरपालों में पानी भरने से बिजली के तारों के संपर्क में आने पर शॉर्ट सर्किट की घटना भी सामने आई थी। ऐसे में प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी और सुरक्षित समाधान तलाशने का प्रयास कर रहा है। एसडीएम पारस अग्रवाल ने बताया कि नए भवन के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पुराने भवन को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही लोक निर्माण विभाग के माध्यम से नए भवन का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 04, 2026, 18:31 IST
मां चिंतपूर्णी दरबार क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बनेंगे स्थायी शेड : पारस अग्रवाल #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
