Bihar News: 'गर्दनीबाग का बापू टावर राष्ट्रपिता गांधी के स्थायी विरासत और प्रदर्शों का प्रमाण', बोले CM सम्राट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार 19 अप्रैल को पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बापू टावर के भूतल, प्रथम, द्वितीय, तीसरा तल, चौथा एवं पांचवें तल पर जाकर विभिन्न दीर्घाओं में प्रदर्शों का अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि मुख्यमंत्री ने बापू टावर पहुंचकर वहां स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। भ्रमण के दौरान उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। ओरियेंटेशन हॉल और टर्न टेबल थियेटर शो का लिया जायजा मुख्यमंत्री ने भूतल पर बनाए गए ओरियेंटेशन हॉल में टर्न टेबल थियेटर शो (रोटेटिंग पर्दे) का निरीक्षण किया। बापू टावर के विभिन्न तलों एवं निर्मित 5 रैम्पों के निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को गांधी जी के जीवन से संबंधित जानकारियां, म्यूरल, कटआउट, स्क्रीन प्रोजेक्टर आदि के माध्यम से प्रदर्शों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों और समूहों के लिए निःशुल्क प्रवेश भवन निर्माण विभाग के सचिव ने बताया कि बापू टावर में भ्रमण के लिए स्कूली बच्चे और ग्रुप में आनेवाले लोगों को निःशुल्क प्रवेश की अनुमति है। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान प्रेक्षागृह, प्रतीक्षा कक्ष, लाउंज, अनुसंधान केन्द्र, आगंतुक सुविधायें तथा अन्य संरचनाओं की जानकारी ली। डिजिटल प्रदर्शों और पुस्तकों का भी अवलोकन मुख्यमंत्री ने विभिन्न डिजिटलाइज्ड प्रदर्शों का भी अवलोकन किया। शिक्षा विभाग द्वारा सभी विद्यालयों में वाचन हेतु तैयार किताब 'बापू की पाती' एवं 'मोहन से महात्मा' को भी डिजिटल रूप में बच्चों की सुलभ जानकारी के लिए प्रदर्शित किया गया है, जिसका मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बताई बापू टावर की उपयोगिता मुख्यमंत्री ने बापू टावर के प्रदर्शों का अवलोकन करते हुए कहा कि गर्दनीबाग में बनाए गए बापू टावर महात्मा गांधी के स्थायी विरासत और प्रदर्शों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बापू टावर बहुत ही अच्छा बना है और यह लोगों के लिए दर्शनीय तथा उपयोगी है। उन्होंने कहा कि बापू की जीवनी, उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी एवं देश के अन्य हिस्सों से आए लोग यहां आकर बेहतर ढंग से जान सकेंगे। यहां गांधी जी के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाएं, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका, बिहार से उनके लगाव तथा उनके आदर्शों को रेखांकित कर प्रदर्शित किया गया है। हरियाली बढ़ाने और भ्रमण मार्ग तय करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बापू टावर परिसर एवं इसके आसपास हरियाली को और अधिक विकसित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूलों के शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में बच्चों को बापू टावर, बिहार संग्रहालय, पटना म्यूजियम और साइंस सिटी का रूट बनाकर भ्रमण कराया जाए। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग से समन्वय स्थापित कर बापू टावर में अधिक से अधिक लोगों के भ्रमण की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। फिल्म और पत्रिका का किया विमोचन मुख्यमंत्री ने बापू की जीवनी, उनके आदर्शों एवं कार्यों तथा बिहार की गौरव गाथा पर आधारित फिल्म का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने पत्रिका 'सत्याग्रह-बापू टावर का प्रकाशन' का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे डिजिटलाइज भी कराया जाए ताकि आम लोग आसानी से इसका लाभ उठा सकें। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। बापू टावर की संरचना और विशेषताएं ज्ञातव्य है कि बापू टावर जी प्लस सिक्स बनाया गया है, जिसके दो भाग हैं- आयताकार भवन एवं शंकुकार भवन। आयताकार भवन में तीन प्रदर्श गैलरी, प्रेक्षागृह, अस्थायी प्रदर्शनी दीर्घा, कार्यालय कक्ष, प्रतीक्षालय, म्यूजियम शॉप एवं जलपान गृह अवस्थित हैं। पढ़ें-इलाज न मिलने से मौत:24 घंटे खुले में पड़ा रहा UP के इम्तियाज का शव, सरकारी अस्पताल और पुलिस ने झाड़ा पल्ला आयताकार भवन की प्रथम गैलरी में महात्मा गांधी के आरंभिक जीवन से लंदन एवं दक्षिण अफ्रीका प्रवास तथा भारत आगमन की कहानी वर्णित की गई है। द्वितीय गैलरी में गांधी जी के रचनात्मक कार्यक्रम एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके नेतृत्व की गाथा है। तृतीय गैलरी में चंपारण शताब्दी समारोह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी संकलित की गई है। 102 फीट ऊंचा शंकुकार भवन बना आकर्षण 102 फीट ऊंचा शंकुकार भवन बापू टावर को आकर्षक और भव्य बनाता है। इसमें लगातार क्रम में निर्मित 5 रैम्प हैं, जिन पर गांधी जी के जीवन से संबंधित जानकारियां, म्यूरल, कटआउट और स्क्रीन प्रोजेक्ट आदि के माध्यम से प्रदर्शित की गई हैं। इन रैम्पों पर चंपारण सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलन, बिहार की भूमिका, गांधी जिन्ना वार्ता, शिमला सम्मेलन, कलकत्ता दंगे, नोआखली यात्रा, बिहार में दंगे के दौरान गांधी जी के कार्य, देश विभाजन से जुड़ी घटनाएं और गांधी जी के आदर्शों को दर्शाया गया है। कई अधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ० गोपाल सिंह, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा, बापू टावर के निदेशक सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।
#CityStates #Patna #Bihar #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 13:18 IST
Bihar News: 'गर्दनीबाग का बापू टावर राष्ट्रपिता गांधी के स्थायी विरासत और प्रदर्शों का प्रमाण', बोले CM सम्राट #CityStates #Patna #Bihar #VaranasiLiveNews
