Una News: जोगीपंगा-टांडा-लिदकोट सड़क 16.59 करोड़ से हाेगी चकाचक

थानाकलां (ऊना)। लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा के अंतर्गत जोगीपंगा-टांडा-लिदकोट सड़क का लगभग 16.59 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इस सड़क से क्षेत्र की पांच पंचायतों की 7000 से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। पहले लोगों को कच्चे व जर्जर रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था जिससे बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। मरीजों, विद्यार्थियों और किसानों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस सड़क के बनने से इन सभी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिशासी अभियंता एनके लखनपाल ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता सामग्री से किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की मजबूती और टिकाऊपन को ध्यान में रखते हुए ड्रेनेज सिस्टम, मजबूत बेस और उचित चौड़ाई का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। इस सड़क के निर्माण से न केवल गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से स्थानीय किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावना है। साथ ही, क्षेत्र में छोटे व्यवसायों और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय ग्रामीणों ने इस सड़क निर्माण कार्य पर खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे बंगाणा क्षेत्र प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सके।

#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 04, 2026, 17:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: जोगीपंगा-टांडा-लिदकोट सड़क 16.59 करोड़ से हाेगी चकाचक #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews