द एंड्रॉयड शो: Google I/O 2026 का प्री-इवेंट आज से शुरू, Android 17 और Aluminum OS पर टिकीं निगाहें
दुनियाभर के टेक प्रेमियों का इंतजार बस खत्म ही होने वाला है क्योंकि गूगल का सबसे बड़ा सालाना इवेंट, गूगल I/O 2026 आ गया है। 19 मई को आयोजित होने वाले इस मेगा इवेंट को लेकर पूरी दुनिया में जबरदस्त उत्साह है और सबकी नजरें इस पर टिकी हैं। वहीं आज यानी 12 मई को मुख्य इवेंट से पहले का एक खास प्री-इवेंट शो है जिसे 'The Android Show' कहा जा रहा है। इसका पूरा फोकस सिर्फ एंड्रॉयड इकोसिस्टम पर होगा। पिछले साल की तरह इस बार भी गूगल का मुख्य फोकस पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर केंद्रित रहने वाला है। गूगल खुद इस साल को 'एंड्रॉयड के लिए सबसे बड़े वर्षों में से एक' बता रहा है। अगर आप एंड्रॉयड यूजर हैं तो तैयार हो जाइए, क्योंकि आपके फोन से लेकर लैपटॉप तक बहुत कुछ बदलने वाला है। इवेंट कब और कहां देखें गूगल के मुख्य कीनोट स्पीच से पहले प्री-इवेंट शो 'The Android Show' आज यानी 12 मई को आयोजित किया जा रहा है। आजभारतीय समयानुसार रात करीब 10:30 बजे आप इसे लाइवस्ट्रीम कर के देख सकते हैं। वहींगूगल I/O की मुख्य कीनोट स्पीच 19 मई को भारतीय समयानुसार रात करीब 10:30 बजे (10 AM PT) शुरू होगी। अगर आपको वहां जाने का न्योता नहीं मिला है तो आप इसे घर बैठे गूगल के आधिकारिक YouTube चैनल पर लाइव देख सकते हैं। क्या-क्या होगा खास गूगल इस बार केवल सॉफ्टवेयर अपडेट तक सीमित नहीं रहेगा। जेमिनी के नए अवतार से लेकर कंप्यूटर के लिए नए ऑपरेटिंग सिस्टम तक, यहां बहुत कुछ होने की उम्मीद है: 1. एंड्रॉयड 17 की झलक गूगल ने पहले ही यह वादा कर दिया है कि यह साल एंड्रॉयड के इतिहास के सबसे बड़े वर्षों में से एक साबित होने वाला है। इसकी पहली बड़ी झलक हमें 12 मई को होने वाले विशेष 'एंड्रॉयड शो' में देखने को मिलेगी। मुख्य इवेंट से करीब एक हफ्ते पहले आयोजित होने वाले इस प्री-रिकॉर्डेड शो में आगामी फीचर्स और बड़े बदलावों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। रही बात एंड्रॉयड 17 के फाइनल रोलआउट की तो 'Beta 4' वर्जन के आने के बाद अब यह अपने अंतिम चरण में है और पूरी उम्मीद है कि जून 2026 तक इसका स्टेबल वर्जन आम यूजर्स के स्मार्टफोन्स तक पहुंचना शुरू हो जाएगा। 2. जेमिनी 4.0: अब एआई बनेगा आपका पर्सनल एजेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की इस दौड़ में खुद को सबसे आगे बनाए रखने के लिए गूगल इस साल जेमिनी 4.0 लॉन्च कर सकता है। इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण 'एजेंटिक एआई' होगा। इसका सीधा मतलब है कि आपका फोन अब सिर्फ आपके सवालों के जवाब ही नहीं देगा, बल्कि एक पर्सनल असिस्टेंट की तरह आपके काम भी पूरे करेगा। जैसे कि खुद से कैब बुक करना या आपकी जगह जरूरी ईमेल का ड्राफ्ट तैयार करना। गूगल का लक्ष्य जेमिनी को आपकी कारों और लगभग सभी गूगल एप्स के साथ इतनी गहराई से जोड़ना है कि यह पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और मददगार साबित हो सके। 3. Aluminium OS: विंडोज को मिलेगी टक्कर डेस्कटॉप की दुनिया में हलचल मचाने के लिए गूगल काफी समय से Aluminium OS नाम के एक नए ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम कर रहा है। खास बात यह है कि यह मुख्य रूप से लैपटॉप और पीसी (PC) के लिए तैयार किया गया एक ऐसा सिस्टम होगा जो पूरी तरह एंड्रॉयड पर आधारित होगा। तकनीकी गलियारों में चर्चा है कि गूगल इस मेगा इवेंट में न केवल इस नए OS की पहली झलक दिखा सकता है, बल्कि इसके लिए बड़ी पार्टनरशिप का ऐलान भी कर सकता है। अब यह देखना वाकई दिलचस्प होगा कि क्या गूगल इस सॉफ्टवेयर के साथ-साथ खुद का कोई नया लैपटॉप पेश कर विंडोज को सीधी टक्कर देने की तैयारी में है या नहीं। 4. एंड्रॉयड XR Glasses: चश्मों में दिखेगी स्मार्ट दुनिया भविष्य की तकनीक को करीब से महसूस कराने के लिए गूगल इस साल एंड्रॉयड XR Glasses के साथ एक नई स्मार्ट दुनिया की नींव रख सकता है। पिछले साल अपनी XR (एक्सटेंडेड रियलिटी) तकनीक की झलक दिखाने के बाद, इस बार पूरी उम्मीद है कि गूगल सैमसंग के साथ मिलकर 'Galaxy Glasses' जैसे स्मार्ट चश्मे पेश करेगा, जो गूगल के एंड्रॉयड XR प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे। इतना ही नहीं, गूगल Warby Parker, Gentle Monster और XREAL जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ साझेदारी कर सकता है। ताकि आम यूजर्स के लिए किफायती से लेकर प्रीमियम रेंज तक के स्मार्ट चश्मे और हेडसेट्स बाजार में उतारे जा सकें। 5. एंड्रॉयड 17 के अन्य कमाल के फीचर्स सिर्फ डिजाइन ही नहीं, एंड्रॉयड 17 में कई ऐसे व्यावहारिक फीचर्स भी जुड़ने वाले हैं जो आपके फोन इस्तेमाल करने के अनुभव को पूरी तरह बदल देंगे। अब सुरक्षा के लिए आपको किसी थर्ड-पार्टी एप की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि इसमें इन-बिल्ट एप लॉक की सुविधा दी जा रही है। साथ ही, मोशन असिस्ट और नए जेस्चर कंट्रोल्स के जरिए आप बिना स्क्रीन को छुए सिर्फ इशारों से अपने फोन को कमांड दे सकेंगे। इसके अलावा, फोन की होम स्क्रीन को व्यवस्थित करने के लिए नए कस्टमाइजेशन विकल्प मिलेंगे।साथ ही इसका उन्नत डेस्कटॉप मोड फोन को बड़ी स्क्रीन से कनेक्ट करने पर आपको एक असली कंप्यूटर जैसा स्मूद अनुभव प्रदान करेगा।
#TechDiary #National #GoogleI/o2026 #Android17 #AluminiumOs #AndroidXr #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 12, 2026, 11:24 IST
द एंड्रॉयड शो: Google I/O 2026 का प्री-इवेंट आज से शुरू, Android 17 और Aluminum OS पर टिकीं निगाहें #TechDiary #National #GoogleI/o2026 #Android17 #AluminiumOs #AndroidXr #VaranasiLiveNews
