Una News: डंगोह खेल क्लब ने जीती केहर सिंह मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता

भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के गांव गिडपुर मलौन में आयोजित केहर सिंह मेमोरियल वॉलीबाल टूर्नामेंट का रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में डंगोह खेल क्लब ने एसएमएस सुंदरनगर कॉलेज पठानकोट को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 51 हजार रुपये की नकद राशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई जबकि उपविजेता टीम को 41 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू और पठानकोट सहित कई क्षेत्रों से लगभग 16 टीमों ने हिस्सा लिया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में डाडासीबा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और 11 हजार रुपये की नकद राशि जीती जबकि ऊना की टीम दूसरे स्थान पर रही जिसे 8100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।विशेष आकर्षण राजस्थान के बीकानेर से आए भारतीय सेना के जवान रहे। इन जवानों ने अपने दमदार खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान में उनकी फुर्ती, तालमेल और आक्रामक खेल को खूब सराहा गया।टूर्नामेंट के दौरान करीब चार फीट ऊंची आधुनिक ट्रॉफी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। आयोजकों ने खेल मैदान को आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया था। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण पंजाब स्पोर्ट्स लाइव द्वारा किया गया। ड्रोन कैमरों की मदद से मैचों को लाइव दिखाया गया जबकि दानिश और लवली ने अपने पंजाबी शायराना अंदाज में कमेंट्री कर माहौल को और रोमांचक बना दिया। आयोजनकर्ता भानु प्रताप सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है, ऐसे में खेल ही उन्हें सही दिशा दे सकते हैं।

#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 04, 2026, 18:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: डंगोह खेल क्लब ने जीती केहर सिंह मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews