बदायूं दोहरा हत्याकांड: आरोपी अजय के पिता और ताऊ समेत परिजनों पर एक और रिपोर्ट, अवैध वसूली का आरोप
बरेली के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता, ताऊ समेत अन्य परिवारीजनों के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले में ग्राम समाज की जमीन पर बाजार लगवाकर अवैध वसूली करने का आरोप है। अवैध वसूली से यह लोग हर माह करीब एक लाख रुपये की कमाई कर रहे थे। 12 मार्च को प्लांट के अंदर दिन दहाड़े दो अफसरों की हत्या के बाद मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह समेत दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तीनों को जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा इस मामले में अब तक नौ मामले दर्ज हो चुके है। इनमें तीन मामले तहसीलदार दातागंज कोर्ट में है, जबकि छह मामले मुसाझाग थाने में दर्ज हुए हैं। दोहरे हत्याकांड के बाद बीते 18 मार्च को एसडीएम धर्मेद्र कुमार सिंह ने सैजनी गांव के बाहर ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से बाजार लगवाकर तहबाजारी करने का मामला पकड़ा था। सप्ताह में दो दिन लगती थी बाजार जांच में यह बात सामने आई कि अजय के परिवारीजन ही यह अवैध बाजार लगवा रहे थे। इसके बाद इस बाजार को बंद करवा दिया गया था। यहां पर सप्ताह में दो दिन बाजार लगाई जाती थी। इसके बाद क्षेत्रीय लेखपाल हेमसिंह ने आरोपी राकेश सिंह व राजेश सिंह व उनके परिवारीजनों पर केस दर्ज करने के लिए शनिवार को थाना मूसाझाग में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। इस घटना में हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह को भी आरोपी बनाया जा सकता है। क्योंकि केस में आरोपी के पिता राजेश सिंह व उसके ताऊ राकेश सिंह समेत अन्य परिवारीजनों को आरोपी बनाया गया है। ऐसे में परिवार के सभी लोग इस मामले में फंसते दिख रहे हैं। इंस्पेक्टर मूसाझाग वीरेंद्र तोमर ने केस दर्ज करने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच की बात कही है।
#CityStates #Budaun #UttarPradesh #DoubleMurderCase #Hpcl #Crime #Police #Fir #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 20:52 IST
बदायूं दोहरा हत्याकांड: आरोपी अजय के पिता और ताऊ समेत परिजनों पर एक और रिपोर्ट, अवैध वसूली का आरोप #CityStates #Budaun #UttarPradesh #DoubleMurderCase #Hpcl #Crime #Police #Fir #VaranasiLiveNews
